जबलपुर। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कैंट बोर्ड प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। क्लास ‘C’ लैंड पर वर्षों से जमे कब्जों को हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम ने बुलडोज़र चलाकर अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर विरोध की स्थिति भी बनी, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे विरोध बेअसर रहा।
सबसे पहले कार्रवाई की शुरुआत सदर स्थित रामलीला मैदान क्षेत्र से की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से किए गए निर्माणों को हटाने के लिए टीम भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान कुछ लोगों ने भीड़ एकत्र कर कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों की मुस्तैदी के चलते अभियान बिना रुके जारी रहा।
क्लास ‘C’ लैंड पर चला प्रशासन का डंडा
रामलीला मार्केट के पास जब टीम पहुंची तो अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई। अधिकारियों ने साफ किया कि यह पूरी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद टीम दलबल के साथ मोदीबाड़ा क्षेत्र पहुंची, जहां अभय नायडू द्वारा क्लास ‘C’ जमीन पर वर्षों से गोदाम संचालित किया जा रहा था। प्रशासन की सख्ती देखते हुए संबंधित पक्ष ने खुद ही सामान हटाना शुरू कर दिया।
महज 4 घंटे में खाली हुआ पूरा गोदाम
मोदीबाड़ा में कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारी ने मुख्य अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार से सामान निकालने के लिए समय मांगा। अनुमति मिलने के बाद मात्र 4 घंटे में 4 ट्रकों के जरिए पूरा गोदाम खाली कर दिया गया।
सामान हटते ही राजस्व विभाग ने तुरंत परिसर को अपने कब्जे में लेकर तालाबंदी कर दी। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी स्वयं सीईओ राजीव कुमार ने मौके पर मौजूद रहकर की।
अब बनेगी विशेष कमेटी, जारी रहेगा अभियान
कैंट बोर्ड ने भविष्य की कार्रवाइयों को और प्रभावी बनाने के लिए एक विशेष कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है। यह कमेटी क्षेत्र में मौजूद अन्य अवैध अतिक्रमणों की पहचान कर रिपोर्ट तैयार करेगी।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी आशीष वर्मा, जाहिद अंसारी, हरवेश सिंह और खेमराज मीणा सहित राजस्व विभाग की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।
