रांझी में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद




जबलपुर। शहर में अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे पुलिस पेट्रोलिंग अभियान के दौरान रांझी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को अवैध फायर आर्म्स के साथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है।

थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, पुलिस टीम मड़ई ऑटो स्टैंड के पास गश्त कर रही थी, तभी सफेद टी-शर्ट और काला लोवर पहने एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह पान के टपरे के पीछे छिपने का प्रयास करने लगा, जिससे शक और गहरा गया।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी

संदेह के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमन केवट (22) निवासी रक्षा नगर कॉलोनी, बड़ा पत्थर रांझी बताया। तलाशी लेने पर उसके लोवर से एक देशी कट्टा और जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
5 हजार में खरीदा था हथियार

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह अवैध हथियार रूपेंद्र साहू नामक व्यक्ति से करीब 5 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मामले

पुलिस के मुताबिक अमन केवट आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत लगभग 17 मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक चंद्रभान सिंह तथा आरक्षक हरिशंकर, मनीष और अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से एक बड़ा अपराध होने से पहले ही टल गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post