जबलपुर। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव का आदेश जारी किया है, ताकि बच्चों को दोपहर की तीखी धूप और गर्म हवाओं से बचाया जा सके।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक अब शालाओं का संचालन सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश सभी बोर्ड से संबद्ध स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
वहीं, आंगनवाड़ी केंद्रों का समय भी संशोधित करते हुए सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समयावधि में विद्यालय में उपस्थित रहकर नामांकन, आधार अपडेट और अपार आईडी से जुड़े कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें।
यह नई समय-सारणी 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी। आदेश की प्रतियां संबंधित विभागों—सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, आयुक्त लोक शिक्षण, आयुक्त राज्य शिक्षा केंद्र और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी—को भेज दी गई हैं।
इसके साथ ही, इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले के सभी प्राचार्यों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि वे नई समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करें।
.jpg)