जबलपुर में नगर निगम के पंप हाउस से बिजली चोरी, ऑपरेटर का निजी ई-रिक्शा चार्ज करते पकड़ा गया



जबलपुर। शहर के रांझी क्षेत्र स्थित बड़ा पत्थर मरघटाई के समीप नगर निगम के पंप हाउस में बिजली चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शिकायत के बाद जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों ने जब मौके पर निरीक्षण किया, तो वहां का नजारा देखकर वे हैरान रह गए। पंप हाउस की बिजली का उपयोग निजी ई-रिक्शा चार्ज करने में किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम जोन क्रमांक 10 के संभागीय अधिकारी नरेश शर्मा को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मरघटाई पावर हाउस के सामने स्थित पंप हाउस से अवैध रूप से बिजली लेकर ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एक ई-रिक्शा पंप हाउस की बिजली से चार्ज होता मिला। मौके पर मौजूद पंप ऑपरेटर सिद्धार्थ चौधरी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि ई-रिक्शा उसी का है। इस खुलासे के बाद अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी जल विभाग को सौंप दी है।

इसके साथ ही बिजली चोरी के प्रकरण में कार्रवाई के लिए विद्युत कंपनी और पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पंप ऑपरेटर का संबंध रांझी स्थित जलशोधन केंद्र में पदस्थ एक कर्मचारी से बताया जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि पंप ऑपरेटर लंबे समय से इस तरह बिजली चोरी कर रहा था, लेकिन अब जाकर मामला उजागर हुआ है। फिलहाल संबंधित विभागों द्वारा जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post