जबलपुर। शहर के बेलबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत भानतलैया स्थित मयूर कला मूर्तिकार के सामने बिजली के खंभे के नीचे संचालित हो रहे जुआंफड़ पर पुलिस ने देर रात दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागकर आसपास के घरों में घुस गए। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को पकड़कर बाहर निकाला।
पुलिस ने मौके से कुल 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से ₹1 लाख 6 हजार नगद सहित ताश के 52 पत्ते जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
पुलिस के अनुसार, उक्त स्थान पर लंबे समय से खुलेआम जुआंफड़ संचालित हो रहा था, जहां बीती रात भी लाखों रुपए के दांव लगाए जा रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जवाहर अहिरवार (53), विक्की उर्फ कृष्ण कुमार पटवा (35), सोहेल अख्तर (49), सुशील राय (36), प्रिंस रैकवार (18), बालचंद जैन (48), बेड़ीलाल अहिरवार (48), रितेश साहू (32), राजा गुप्ता (24) और रोहित चौधरी (22) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घमापुर के नेतृत्व में एसआई दिनेश गौतम, एसआई विजय धुर्वे, प्रधान आरक्षक सुरेश मिश्रा, मुकेश धुर्वे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
