जबलपुर। खितौला मझगवां रोड स्थित हिरन नदी किनारे बने मुक्तिधाम में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने जलती चिता पर कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दिल दहला देने वाली घटना की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और कौतूहल का माहौल बना हुआ है, लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को क्षेत्र के एक जैन परिवार की महिला का अंतिम संस्कार इसी मुक्तिधाम में किया गया था। रविवार सुबह जब परिजन दोबारा वहां पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उसी चिता पर एक युवक अधजली अवस्था में मृत पड़ा हुआ है। यह दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी रमन सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर लोगों को बुलाया गया, जिसके बाद मृतक की पहचान खितौला वार्ड क्रमांक-15, राधा कृष्ण मंदिर के पास रहने वाले 27 वर्षीय शिवम उर्फ शिब्बू कोल के रूप में हुई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
