जबलपुर। शहर के गंगासागर इलाके में रविवार देर रात करीब 2:30 बजे एक टिंबर टाल में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की, जिसने देखते ही देखते टाल में रखी लकड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत शुरू की। करीब 3 घंटे की लगातार मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगासागर क्षेत्र स्थित श्री सत्य साईं टिंबर एंड प्लाईवुड में यह आग लगी। आशंका जताई जा रही है कि टाल के पास लगी सीएनसी मशीन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसकी चिंगारी लकड़ियों तक पहुंच गई और आग तेजी से फैल गई।
🔥 इस हादसे में करीब 4 से 5 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
