जबलपुर । पनागर के ग्राम सिमरा (खिरिया) में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे खेतों में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। इस घटना में किसान धरम चंद पटेल और राघव पटेल की लगभग 5 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर खेत में गिर गया, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ। इस दौरान निकली चिंगारी ने सूखी फसल को आग की चपेट में ले लिया। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और बड़े क्षेत्र में फैल गई।
200 ग्रामीणों ने मिलकर पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से करीब 200 ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इनमें युवा, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल थीं। लगभग 20 ट्रैक्टरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता, तो आसपास की हजारों एकड़ फसल जलकर नष्ट हो सकती थी।
जर्जर बिजली लाइन बनी हादसे की वजह
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव और खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन कई वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह तार टूटे और ढीले पड़े हैं। करीब 6 माह पहले भी इसी तरह तार टूटने की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत विभाग से कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं किया गया।
