अधारताल में 16 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला, पैसे न देने पर तीन युवकों ने किया लहूलुहान




फोन कर घर के बाहर बुलाया, फिर मांगी रकम… विरोध करने पर चाकू और लाठी से वार; इलाके में दहशत

जबलपुर।शहर के अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर कॉलोनी में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब 16 वर्षीय छात्र धीरज कोरी पर तीन युवकों ने चाकू और लाठी से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धीरज कोरी को बीती रात लगभग 12 बजे शिवम खरे ने फोन कर घर के बाहर मिलने के लिए बुलाया। आपसी परिचय होने के चलते धीरज बिना किसी संदेह के घर से बाहर आ गया। बाहर पहुंचते ही उसने देखा कि शिवम खरे अपने साथ अमर खरे और अंशु के साथ मोटरसाइकिल पर मौजूद था।

तीनों युवकों ने धीरज से पैसों की मांग की। जब धीरज ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू और लाठी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया।

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने तत्काल धीरज को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए भर्ती कर लिया है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शिवम खरे, अमर खरे और अंशु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 119(1), 351(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद से अंबेडकर कॉलोनी में भय का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post