जबलपुर। जिले के गोसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलुआ में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किसान के मोबाइल पर आए शादी के निमंत्रण कार्ड ने उसकी मेहनत की कमाई साफ कर दी। एपीके फाइल के जरिए ठगों ने 2 लाख 58 हजार 191 रुपए खाते से पार कर दिए।
कार्ड खोला, मोबाइल हुआ हैंग शुरू हो गया खेल
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिलुआ निवासी 38 वर्षीय किसान संदीप कुमार साहू के व्हाट्सएप पर कुछ दिन पहले एक एपीके फाइल आई, जिसमें शादी का निमंत्रण कार्ड बताया गया था। जैसे ही संदीप ने वह फाइल खोली, मोबाइल अचानक हैंग हो गया। संदेह होने पर उन्होंने फाइल तुरंत डिलीट कर दी और मोबाइल ठीक भी करवा लिया, लेकिन तब तक ठग अपना काम कर चुके थे।
छोटे ट्रांजेक्शन से शुरू हुआ बड़ा फ्रॉड
शुरुआत में खाते से 218 रुपए कटे, जिस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद स्टेट बैंक खाते से 46,116 रुपए कटने का मैसेज आया। बैंक में संपर्क करने पर खुलासा हुआ कि अलग-अलग तारीखों में कुल 10 ट्रांजेक्शन के जरिए 2 लाख 58 हजार 191 रुपए निकाले जा चुके हैं।
थाने पहुंचा पीड़ित, मामला दर्ज
घबराए किसान ने गोसलपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
सावधान! ऐसे जाल में फंस रहे लोग
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि व्हाट्सएप पर आने वाली अनजान एपीके फाइलें कितना बड़ा खतरा बन चुकी हैं। साइबर अपराधी अब शादी कार्ड, कुरियर, बैंक अलर्ट जैसे झांसे देकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।
