व्हाट्सएप पर बैंक अपडेट की पीडीएफ बनी जाल, ओटीपी के जरिए मिनटों में साफ हुई जमा पूंजी
जबलपुर।रांझी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बैंक अपडेट के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक पर क्लिक करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। लिंक खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने उनके बैंक खातों से कुल 3 लाख 48 हजार 124 रुपए पार कर दिए।
पुलिस के अनुसार, नानक नगर हनुमान मंदिर के पास रांझी निवासी 61 वर्षीय रमेश सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर बैंक ऑफ इंडिया के लोगो वाली एक पीडीएफ फाइल आई थी, जिसमें बैंक के नए वर्जन एप को अपडेट करने का लिंक दिया गया था।
जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे और कुछ ही देर में उनके खाते से रकम निकलना शुरू हो गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनके खाते से अलग-अलग किश्तों में 25-25 हजार रुपए, 1 लाख रुपए, 49 हजार 500 रुपए, 49 हजार 600 रुपए और 88 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। इसके अलावा एक अन्य खाते से भी रकम निकाली गई। बाद में दो बार में 49 हजार 552 रुपए और निकाल लिए गए।
इस तरह साइबर अपराधियों ने कुल 3 लाख 48 हजार 124 रुपए की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया।
.jpg)