दो युवकों ने बुलाकर की मारपीट, हथेली में लगी चोट; धमकी देकर आरोपी फरार
जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धोबी चौगड्डा छोटा फुहारा निवासी 18 वर्षीय आदित्य रजक ने शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि बीती रात करीब 10:30 बजे वह चंदन मोबाइल वाले की दुकान पर गया था। इसी दौरान अंश ठाकुर और उदय गुप्ता वहां पहुंचे और उसे बुलाकर अपने साथ ले गए।
आदित्य के मुताबिक, बिना किसी पूर्व विवाद के अंश ठाकुर ने उसे थप्पड़ मारते हुए कहा कि वह “बहुत गुंडा बन रहा है” और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान अंश ठाकुर ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे आदित्य के बाएं हाथ की हथेली में चोट आई। वहीं, उदय गुप्ता ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
.jpg)