जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। नूरी नगर गेट के पास हुई इस घटना में मोनू उर्फ आदिल की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य आरोपी मोहम्मद जीशान सहित उसके तीन साथियों—मोहम्मद शहबाज, मोहम्मद यासीन अराफात और मोहम्मद तनवीर—को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 31 मार्च की रात शादी समारोह के दौरान बग्गी के घोड़े को दूर रखने को लेकर मोनू और जीशान के बीच कहासुनी हुई थी। मामूली विवाद ने जल्द ही रंजिश का रूप ले लिया। इसी रंजिश के चलते जीशान ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोनू पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का इलाके में पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” जैसे नारे लगवाए गए, ताकि आमजन में अपराधियों के प्रति भय कम हो और कानून व्यवस्था का संदेश जाए।
पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस हत्याकांड में शामिल अन्य चार फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
