तेज रफ्तार कार ने डायल-112 को मारी टक्कर, चालक घायल… नशे में धुत आरोपी मौके से फरार




गोराबाजार तिराहे पर देर रात हादसा, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया

जबलपुर। शहर के गोराबाजार क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार ने 

सड़क किनारे खड़े डायल-112 पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस वाहन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वाहन चालक घायल हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डायल-112 वाहन के चालक प्रशांत कुमार रजक (33 वर्ष) निवासी शीतलामाई मोहल्ला, बरगी थाना गोराबाजार, रात करीब एक बजे क्षेत्र में भ्रमण के बाद अपनी गाड़ी (एमपी 04 वाई क्यू 5681) को गोराबाजार तिराहे के पास नोडल प्वाइंट पर खड़ा कर आराम कर रहे थे।

इसी दौरान बिलहरी की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार (एमपी 20 जेड वाई 3888) के चालक पर्व बसूर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डायल-112 वाहन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार के एयरबैग तक खुल गए।

हादसे के प्रभाव से चालक प्रशांत रजक आगे की ओर गिर पड़े, जिससे उनके सीने और कमर में चोट आई। दुर्घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

इस बीच, कार चालक पर्व बसूर मौके से फरार हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में धुत था।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त डायल-112 वाहन को थाने पहुंचाया और यातायात को बहाल किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post