जबलपुर।पाटन चौराहा में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की चपेट में सड़क किनारे खड़े दो बाइक सवार आ गए। इस दौरान एक युवक ने कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली घास के बंडलों से लदी हुई थी और काफी तेज गति में थी। जैसे ही वाहन पाटन चौराहे पर पहुंचकर जबलपुर की ओर मुड़ा, चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। उसी समय सड़क किनारे खड़े दो बाइक सवार इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में साहिल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहपुरा ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद से पाटन-शहपुरा-जबलपुर मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है, जिससे इस क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं।
