5 घंटे पानी में छिपकर पुलिस को देता रहा चकमा, लेकिन अंत में टूटा और कबूला गुनाह



जबलपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिहोरा रेलवे स्टेशन से एक कुख्यात अंतर्राज्यीय अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी मंगलवार सुबह करीब 4:45 बजे उस समय हुई, जब आरोपी ट्रेन में चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के अनुसार, “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत स्टेशन पर सघन निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन नंबर 11753 से एक संदिग्ध युवक को महिला यात्री का पर्स चोरी करने की कोशिश करते देखा गया।
तालाब में कूदकर बचने की कोशिश

संदेह होने पर जब आरपीएफ टीम ने पीछा किया तो आरोपी भागते हुए स्थानीय बाजार के पास स्थित एक तालाब में कूद गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह करीब 5 घंटे तक पानी में छिपा रहा, लेकिन पुलिस की घेराबंदी और गोताखोरों की मदद से आखिरकार उसे बाहर निकाल लिया गया।
पूछताछ में खुला राज

स्टेशन लाकर पूछताछ के दौरान आरोपी ने फिर से भागने की कोशिश की, लेकिन आरपीएफ ने उसे दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपनी पहचान हरविंदर सिंह, निवासी मोहल्ला खेड़ा, थाना हल्दौर, जिला बिजनौर (उत्तरप्रदेश) के रूप में बताई।
कई राज्यों में दर्ज हैं केस

प्रारंभिक जांच और आईसीजेएस सत्यापन में सामने आया कि आरोपी एक अंतर्राज्यीय आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश के विभिन्न रेलवे पुलिस थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

उस पर धारा 379/411 के तहत कई प्रकरण लंबित हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

Post a Comment

Previous Post Next Post