जबलपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पनागर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्री जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल श्रीमती राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना पनागर की टीम ने यह सफलता हासिल की।
थाना प्रभारी पनागर श्री विपिन बिहारी सिंह के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लीटी उमरिया में पप्पू उर्फ प्रमोद केवट (38 वर्ष) अपने घर के पीछे टीन शेड के नीचे प्लास्टिक के डिब्बों में हाथभट्टी महुआ शराब रखकर बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार डिब्बों में भरी कुल 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जप्त कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक आकाश सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक नीलकंठ पटेल, आरक्षक राहुल अहिरवार एवं मनीष पंसेरिया की सराहनीय भूमिका रही।
