महंगाई की मार में शादियों का सीजन: बजट बिगड़ा, खर्च में लाखों की बढ़ोतरी



भोपाल। मध्यप्रदेश में शादी का सीजन अपने चरम पर है और अगले ढाई महीने में 20 हजार से ज्यादा शादियां होने का अनुमान है। बाजारों में रौनक और भीड़ तो है, लेकिन बढ़ती महंगाई ने आम लोगों, खासकर मध्यम वर्ग के बजट को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और खानपान की लागत बढ़ने से एक सामान्य शादी का खर्च 5 से 6 लाख रुपए तक बढ़ गया है। राजधानी भोपाल के करोंद निवासी पंकज यादव बताते हैं कि हाल ही में उनके भाई की शादी में बजट लगभग 5 लाख रुपए तक बढ़ गया था। अब बहन की शादी की तैयारियों में भी महंगाई के कारण कई खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा असर जेवर और खानपान पर पड़ा है। कैटरिंग सेवाओं पर भी महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है। सिलेंडर की किल्लत के चलते कैटरर्स ने प्रति थाली 100 रुपए तक बढ़ा दिए हैं। जहां पहले एक प्लेट का खर्च 800 से 900 रुपए था, वहीं अब यह 1000 रुपए तक पहुंच गया है। 500 लोगों के रिसेप्शन में इससे 50 हजार से 1 लाख रुपए तक अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है।




सराफा कारोबारियों के अनुसार पिछले एक साल में सोना करीब 60 हजार रुपए तक महंगा हुआ है, जबकि चांदी के दाम में भी भारी उछाल आया है। इसका सीधा असर शादी के बजट पर पड़ा है। पहले जहां 5 लाख रुपए में ज्यादा मात्रा में आभूषण बन जाते थे, वहीं अब उसी बजट में कम वजन की ज्वेलरी ही संभव है। इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कीमतों में भी लगभग 5 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में फ्रिज, टीवी और अन्य गिफ्ट आइटम भी महंगे हो गए हैं। शादी के शुभ मुहूर्त 14 मई तक जारी रहेंगे, इसके बाद एक महीने का ब्रेक रहेगा और फिर जून-जुलाई में दोबारा विवाह समारोह शुरू होंगे। कुल मिलाकर, इस सीजन में शादियों की धूम तो है, लेकिन महंगाई ने खुशियों का बजट जरूर बिगाड़ दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post