9 माह बाद ही पत्नी को घर से निकाला, आरोपी पति फरार



जबलपुर। जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 9 महीने बाद ही पति ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामला करोंदी सीओडी इलाके का है, जिसने एक बार फिर समाज में दहेज की कड़वी सच्चाई उजागर कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शादी 4 जुलाई 2025 को मटामर स्थित कैलाशधाम मंदिर में पंकज यादव के साथ हुई थी। शादी के दौरान मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था। शुरुआती चार महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति का व्यवहार बदलने लगा।

आरोप है कि पंकज यादव पत्नी से बार-बार मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने लगा। उसने ऑटो खरीदने के लिए एक लाख रुपये की मांग की। जब महिला ने इस मांग को पूरा करने से इनकार किया, तो उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी गई।

बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल को फिर से एक लाख रुपये की मांग की गई और मना करने पर पति ने महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। मायके पक्ष के लोगों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी अपनी जिद पर अड़ा रहा और धमकियां देता रहा।

आखिरकार प्रताड़ना से तंग आकर महिला रांझी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post