दलित दूल्हे पर हमला: घोड़ी से उतारकर पीटा, पुलिस सुरक्षा में निकली बारात



दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के ग्राम बिजोरी पाठक में एक बार फिर सामाजिक भेदभाव और दबंगई की शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। यहां रछवाई की रस्म के दौरान दलित समाज के एक दिव्यांग दूल्हे को घोड़ी से उतारकर बेरहमी से पीटा गया। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित परिवार को पुलिस की शरण लेनी पड़ी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजोरी पाठक निवासी 23 वर्षीय गोलू अहिरवार की बारात छतरपुर जिले के बूढ़ी सेमरा गांव जानी थी। मंगलवार शाम करीब 7 बजे रछवाई की रस्म निकाली जा रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ दबंग—घुप्पू लोधी, विश्वनाथ लोधी, विछु लोधी और चिन्नू लोधी—ने दूल्हे के घोड़ी चढ़ने पर आपत्ति जताई और जातिसूचक गालियां देने लगे।

परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने गोलू को घोड़ी से खींचकर नीचे गिरा दिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उन्हें भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस हिंसा से गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना के बाद पीड़ित दूल्हा अपने परिवार के साथ थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के बीच दूल्हे की बारात निकलवाई।

पीड़ित की मां विद्या अहिरवार ने बताया कि आरोपियों ने रछवाई निकालने से मना किया था। “हमने कहा कि आज बारात जानी है, घोड़ी चढ़े बिना रस्म कैसे पूरी होगी। इसी बात पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। मेरी बेटी मनीषा को भी पीटा गया और उसके कुछ सोने के जेवर भी गायब हो गए,” उन्होंने आरोप लगाया।

पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post