एमपी अविरल न्यूज़| जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज चाकूबाजी की वारदात सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया। दमोहनाका क्षेत्र में एक ठेला संचालक युवक पर तीन अज्ञात बदमाशों ने सिर्फ इसलिए हमला कर दिया क्योंकि उसने अपने बेचे गए खीरे के पैसे मांग लिए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूलतः सीधी जिले के ग्राम कठार निवासी 25 वर्षीय अजय गुप्ता, जो वर्तमान में नर्मदानगर (गोहलपुर) में रहकर ककड़ी और खीरा बेचने का काम करता है, बीती रात करीब 9:30 बजे अपना ठेला लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान व्ही मार्ट के पास तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया।
पैसे मांगना पड़ा भारी
तीनों बदमाशों ने अजय से 10 रुपये का खीरा लिया, लेकिन जब उसने पैसे मांगे तो वे गाली-गलौज पर उतर आए। इतना ही नहीं, उन्होंने अजय से शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग भी शुरू कर दी।
गले और माथे पर किए वार
जब अजय ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने धारदार हथियार निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक के गले और माथे पर गंभीर चोटें आईं। जान बचाने के लिए भागते समय वह गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में भी चोट लग गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद आसपास के लोगों के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल अजय को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोहलपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 119(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
