शादी समारोह में गोलियों की बौछार, जमीनी विवाद में पिता-पुत्र को मारी गोली



 दमोह | एमपी अविरल न्यूज़ मध्यप्रदेश के दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत हरद्वानी गांव में शनिवार देर रात एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया, जब जमीनी विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी गईं। इस सनसनीखेज घटना में 52 वर्षीय नरेश पटेल और उनके 30 वर्षीय बेटे सत्य प्रकाश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर ड्यूटी डॉक्टर मधुर चौधरी ने दोनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सत्य प्रकाश को सिर के पास गोली लगी है, जबकि नरेश पटेल के हाथ में गोली लगी है।

 शादी की खुशियां बनीं मातम

जानकारी के मुताबिक, गांव में चल रहे शादी समारोह में पिता-पुत्र शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान पुराने जमीनी विवाद को लेकर आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

 18 राउंड फायरिंग का आरोप

घायलों के परिजन नितिन पटेल ने आरोप लगाया है कि देवी पटेल, गुड्डू पटेल, अखिलेश पटेल, नरेंद्र पटेल, अमर पटेल समेत अन्य लोगों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाईं। घायल नरेश पटेल ने बताया कि बेटे की चीख सुनकर जब वह पहुंचे, तो बेटा पहले से ही घायल पड़ा था। इसके बाद आरोपियों ने उन पर भी फायरिंग कर दी।

 पुलिस जांच में जुटी, टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना टीआई अमित कुमार गौतम और कोतवाली टीआई मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामला कायम कर लिया है। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया के मुताबिक, यह विवाद कई वर्षों से चला आ रहा था और हाल ही में जमीन की नपाई के दौरान भी तनाव हुआ था। फिलहाल करीब 9 आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post