जबलपुर: शराब के लिए पैसे न देने पर चाकूबाजी, एक ही परिवार के तीन लोग घायल



जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोपियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पुरानी बस्ती माढ़ोताल निवासी अभिषेक रैकवार (30) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मूर्ति बनाने का काम करता है। बीती रात वह अपने पिता लक्ष्मीनारायण और भाई अभय के साथ पनागर से हथना जा रहा था।

इसी दौरान दाऊ मैरिज गार्डन के पास प्रिंस रजक, नीलेश कोल, साहिल कोल और रोहित कोल ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए 1 हजार रुपए की मांग की। जब पीड़ितों ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि चारों ने मिलकर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें अभिषेक, उनके पिता और भाई के पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी रिपोर्ट करने पर जान से खत्म करने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(1), 118(1), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post