छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने कुछ देर के लिए पूरे अस्पताल को सन्न कर दिया। इलाज के बीच भावनात्मक तनाव में आई एक युवती पांचवीं मंजिल के छज्जे पर जा खड़ी हुई और कूदने की धमकी देने लगी।
बताया जा रहा है कि युवती ने प्रेम संबंधों में तनाव के चलते फिनाइल पी लिया था, जिसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उपचार के दौरान युवती की अपने प्रेमी से बात नहीं हो सकी, जिससे वह आक्रोशित और असंतुलित हो गई।
गुस्से और निराशा के बीच वह अचानक अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर पहुंची और छज्जे पर खड़े होकर नीचे कूदने की धमकी देने लगी। यह दृश्य देखते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। नीचे मौजूद मरीज, परिजन और स्टाफ घबराकर इकट्ठा हो गए।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने युवती को शांत कराने की कोशिश शुरू की। करीब 15 मिनट तक चले समझाइश और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार युवती छज्जे से नीचे उतरने को तैयार हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो अब सामने आया है। हालांकि इस मामले में कोतवाली थाने में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
स्थिति नियंत्रण में, लेकिन सवाल बाकी
यह घटना केवल एक पारिवारिक या निजी विवाद नहीं, बल्कि यह भी दिखाती है कि भावनात्मक तनाव किस हद तक किसी को जोखिम भरे कदम उठाने पर मजबूर कर सकता है। समय रहते लोगों की समझदारी और सतर्कता ने एक संभावित हादसे को टाल दिया।
