ग्वालियर में बड़ा हादसा टला: चलती बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

 


ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। झांसी रोड थाना क्षेत्र में जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे। बस की खिड़कियों से आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 6:10 बजे की है। जैसे ही बस से धुआं उठता दिखा, चालक और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से यात्रियों को तुरंत बस से बाहर निकाला गया। कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
 दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
 जयपुर से बागेश्वर धाम जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, बस शनिवार रात जयपुर से बागेश्वर धाम के लिए रवाना हुई थी। रविवार सुबह ग्वालियर पहुंचने पर चंद्रवानी नाका के पास कुछ यात्री उतर गए। इसके बाद बस थोड़ी आगे बढ़ी ही थी कि उसमें से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों के अनुसार, आग लगने से कुछ मिनट पहले ही जलने की बदबू और धुआं महसूस होने लगा था।
 यातायात प्रभावित, बस पूरी तरह जली

इस घटना के चलते झांसी रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
 सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षा और नियमित मेंटेनेंस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला प्रशासन ने बसों की फिटनेस और सुरक्षा जांच को लेकर सख्ती बरतने की बात कही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post