जबलपुर में सरेराह फायरिंग: रांझी में दिनदहाड़े सिविल ठेकेदार को सिर में मारी गोली, हालत नाजुक




जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े हुई फायरिंग से सनसनी फैल गई। शिव शक्ति चौराहे के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक 35 वर्षीय सिविल ठेकेदार को सरेराह गोली मार दी। गोली ठेकेदार के सिर में लगी है, जिसके बाद उसे बेहद गंभीर हालत में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।


नकाबपोश बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित क्लेरिंस उर्फ राजा (32) गुरुवार सुबह करीब आठ बजे रांझी की तरफ जा रहा था। शिव शक्ति चौराहे के पास पहुंचते ही, चेहरा ढंके हुए दो युवक बाइक पर सवार होकर उसके करीब आए और बिना कोई मौका दिए क्लेरिंस के सिर पर सीधे फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और दोनों हमलावर मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

दिनदहाड़े गोली चलने की सूचना मिलते ही रांझी सीएसपी सतीश साहू और थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

सीएसपी सतीश कुमार साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल क्लेरिंस को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है, ताकि नकाबपोश आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि पूरी जांच के बाद ही वारदात की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी।

ठेकेदारी की प्रतिस्पर्धा हो सकती है वजह

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, क्लेरिंस उर्फ राजा मुख्य रूप से आयुध निर्माणी खमरिया (OFK) और नगर निगम में सिविल वर्क के ठेके लेने का काम करता है। शुरुआती जांच में पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा यह अंदेशा जताया जा रहा है कि ठेके हासिल करने की व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और इसी से जुड़ी किसी रंजिश के चलते ही उस पर यह जानलेवा हमला किया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post