मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक अजीब चोरी का मामला सामने आया है. कहा जाता है कि भाई-बहन एक-दूसरे का साथ निभाने के लिए होते हैं, लेकिन दमोह जिले में एक भाई ने अपनी सगी बहन के साथ विश्वासघात करते हुए लाखों रुपये नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए. आरोपी भाई ने एक नाबालिग के साथ मिलकर अपनी बहन के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जिले के हटा थाना क्षेत्र के नवोदय वार्ड में 27 अप्रेल को शातिर चोरों ने लाखों रुपए के सोने, चांदी के कीमती जेवरात पर हाथ साफ करते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया था. जिसके बाद पीड़ित मोतीलाल साहू ने थाने पंहुचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तत्परता से जांच पड़ताल करते हुए शातिर चोर के साथ एक नाबालिग को गिरफ्तार करते हुए 29 अप्रेल को चोरी की घटना का खुलासा कर दिया.
बहन का सगा भाई निकला चोर
इस खुलासा ने सभी को हैरान कर दिया. चोर और कोई नहीं बल्कि बहन का भाई और एक नाबालिग निकला, जो अब पुलिस की हिरासत में है. यह कोई मामूली चोरी नहीं थी, बल्कि आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इसे अंजाम दिया. पहले जेवरात और नकदी को चुराया, फिर इन जेवरातों को रुसल्ली मार्ग पर बनी एक पुलिया के नीचे जमीन में दफना दिया और फरार हो गए.
आरोपियों के पास से ये चीजें हुई बरामद
हालांकि, चोर कितना भी शातिर क्यो ना हो, कानून के हाथ उसके गिरेबान तक पहुच ही जाते हैं. ठीक ऐसा ही चोरों के साथ हुआ. पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 लाख 71 हजार रुपये के सोने, चांदी के जेवरात और नगदी को बरामद कर किया. साथ ही दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा.
