डिंडौरी। जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब वरमाला से ठीक पहले दूल्हे की कथित प्रेमिका अचानक मंच पर पहुंच गई। बुधवार, 29 अप्रैल की रात हुए इस घटनाक्रम ने पूरे समारोह को अफरा-तफरी में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भैंसवाही निवासी दूल्हा मनीष कुमार अपनी बारात लेकर जिला मुख्यालय स्थित जलाराम पेट्रोल पंप के सामने इमली कूटी पहुंचा था, जहां शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान अचानक उसकी प्रेमिका मौके पर पहुंच गई और मंच पर चढ़कर दूल्हे पर धोखा देने के आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
वरमाला से पहले मचा बवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रेमिका के आरोपों के बाद माहौल तेजी से बिगड़ गया। बाराती और घराती दोनों पक्षों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
दूल्हे और प्रेमिका की पिटाई
गुस्साए लोगों ने दूल्हे मनीष कुमार और उसकी प्रेमिका की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि दूल्हा बेहोश हो गया। इस दौरान शादी स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और समारोह पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
प्रेमिका का आरोप
प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि उसने मनीष कुमार को शादी से पहले आखिरी बार मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया। इसी कारण वह सीधे शादी समारोह में पहुंच गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। दूल्हे और उसकी प्रेमिका को कोतवाली ले जाया गया, जहां दोनों से पूछताछ की गई।
