पत्नी के केस की पैरवी से खफा पति ने दी जान से मारने की धमकी, ओमती थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
जबलपुर।शहर के जिला न्यायालय परिसर के बाहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक वकील पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के पीछे पत्नी के भरण-पोषण मामले की पैरवी को लेकर आरोपी की नाराजगी बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओमती थाना पुलिस के अनुसार, बड़ा पत्थर रांझी निवासी 50 वर्षीय रामलाल रजक ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने कार्य से जिला न्यायालय पहुंचे थे। उनकी क्लाइंट कंचन महोबिया ने अपने पति राकेश महोबिया के खिलाफ भरण-पोषण का मामला दायर किया है, जिसकी पैरवी रामलाल रजक और नवीन विश्वकर्मा कर रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, राकेश महोबिया फाइलिंग सेक्शन पोर्च के पास पहुंचा और केस को लेकर विवाद करने लगा। इसके बाद जब रामलाल रजक अपने साथी नवीन विश्वकर्मा के साथ बेसमेंट से कार निकालकर गेट नंबर 4 से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपी ने उनकी कार रोक ली।
आरोपी ने रामलाल को कार से बाहर बुलाकर पूछा कि वह उसकी पत्नी का केस क्यों लड़ रहे हैं। रामलाल द्वारा यह कहे जाने पर कि कंचन उनकी क्लाइंट है, आरोपी भड़क गया। उसने गाली-गलौज करते हुए उनकी गर्दन पकड़ ली और कार के पीछे ले जाकर शर्ट में छिपाकर रखा चाकू निकालकर जानलेवा हमला कर दिया।
इस हमले में रामलाल रजक के कान, गले और कंधे के पास गंभीर चोटें आईं, वहीं बचाव के दौरान उनके दाहिने हाथ के अंगूठे के पास भी चोट लगी। वारदात के बाद आरोपी ने धमकी दी कि यदि केस वापस नहीं लिया गया तो वह जान से मार देगा।
ओमती थाना पुलिस ने आरोपी राकेश महोबिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
