लाड़ली पथ पर शराब दुकान शिफ्टिंग का विरोध, देर रात हंगामा...लोगों ने कर्मचारियों को खदेड़ा




“लाड़ली पथ को शराब पथ नहीं बनने देंगे”—स्थानीयों की चेतावनी, फिलहाल दुकान सील

जबलपुर।नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही शहर में शराब दुकानों की शिफ्टिंग को लेकर विवाद गहराने लगा है। मदन महल लिंक रोड स्थित लाड़ली पथ पर प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देर रात शिफ्टिंग की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को वहां से खदेड़ दिया। आक्रोशित लोगों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर इस इलाके में शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

जानकारी के मुताबिक पुरानी शराब दुकान को करीब आधा किलोमीटर दूर उस स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था, जहां पहले एक कोचिंग सेंटर संचालित होता था। देर रात करीब 12 बजे जैसे ही इसकी भनक स्थानीय रहवासियों को लगी, लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस सड़क को हाल ही में “लाड़ली पथ” के रूप में विकसित करने की बात कही गई, उसी मार्ग पर शराब दुकान खोलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि इससे न केवल क्षेत्र का माहौल खराब होगा बल्कि समाज में गलत संदेश भी जाएगा। लोगों ने आरोप लगाया कि भूमाफिया और शराब माफिया मिलकर इस इलाके को “शराब पथ” में बदलने की कोशिश कर रहे हैं।

विरोध बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। सहायक आबकारी अधिकारी डीसी चतुर्वेदी ने बताया कि फिलहाल दुकान को सील कर दिया गया है और आगे का निर्णय कलेक्टर के आदेश के बाद ही लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post