जबलपुर।हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जिलेभर में होने वाले धार्मिक आयोजनों, रैलियों और शोभायात्राओं को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। थाना प्रभारी, सीएसपी और एसडीओपी को अपने-अपने क्षेत्रों में मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से निरंतर संवाद बनाए रखने को कहा गया है।
रैली मार्ग पर इमारतों से भी होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिन मार्गों से रैलियां गुजरेंगी, वहां की इमारतों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही हर थाने से 3 से 5 पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भीड़ के बीच तैनात किया जाएगा, जो हर गतिविधि पर नजर रखते हुए तत्काल जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।
पुलिस का दावा है कि किसी भी प्रकार की विवाद या तनाव की सूचना मिलने पर महज पांच मिनट के भीतर अतिरिक्त बल के साथ डीएसपी और एएसपी स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंच जाएंगे।
ड्रोन कैमरों से आसमान से नजर
इस बार हनुमान जन्मोत्सव पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है। रैलियों और प्रमुख आयोजनों की वीडियोग्राफी के साथ-साथ ड्रोन के जरिए भीड़ की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
विशेष रूप से सिहोरा और कटंगी क्षेत्र में निकलने वाली वाहन रैलियों को लेकर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और कई थानों को अतिरिक्त जवान मुहैया कराए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी सख्त निगरानी
पुलिस ने साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले संदेशों पर तुरंत कार्रवाई होगी। थाना स्तर पर आयोजित बैठकों में यह निर्देश दिए गए हैं कि आयोजनों के दौरान केवल धार्मिक गीतों वाले डीजे ही बजेंगे और किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, सड़कों पर नहीं लगेंगे भंडारे
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख सड़कों पर भंडारे लगाने पर रोक लगाई गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग की अलग से व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
नशे में उपद्रव करने वालों पर सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आयोजन के दौरान नशे में पाए जाने वाले व्यक्तियों को तत्काल हिरासत में लिया जाएगा। किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आज शाम से ही जिले के प्रमुख हनुमान मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हनुमान जन्मोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
