जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां मारपीट के साथ फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित राहुल पटेल (28), निवासी कमला नेहरू नगर, यादव कॉलोनी गढ़ा रोड मदनमहल, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वह भूसा मशीन का काम करता है। बीती रात करीब 8 बजे वह अपने मामा विकास कुशवाहा के साथ मंगेला नया मोहल्ला स्थित बरा के पेड़ के पास ट्रैक्टर का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान पुराने विवाद के चलते मिलन यादव अपने साथी बब्बू यादव और दो अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि मिलन यादव ने राहुल से ट्रैक्टर में भूसा भरकर उसके घर छोड़ने को कहा, जिस पर राहुल ने प्रति ट्रॉली 3 हजार रुपये किराया बताया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
फरसे से हमला और जमकर मारपीट
बताया गया कि आरोपियों ने मुफ्त में काम कराने का दबाव बनाया। इनकार करने पर सभी ने गाली-गलौज करते हुए राहुल और उसके मामा के साथ मारपीट शुरू कर दी। दो लोगों ने विकास कुशवाहा को पकड़ लिया, जबकि मिलन यादव ने फरसा बब्बू यादव को थमा दिया और हमला करने की कोशिश की।
राहुल ने किसी तरह खुद को बचाने की कोशिश की, इस दौरान फरसे का बट उसके सीने में लगा। मारपीट में दोनों को चोटें आई हैं।
भागते समय की फायरिंग, दहशत का माहौल
पीड़ित के अनुसार, जब वह और उसका मामा जान बचाकर भागने लगे, तो मिलन यादव ने दहशत फैलाने के लिए पिस्टल से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं296(ए), 115(2), 118(1), 119(1), 125, 351(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
