जबलपुर में टैंकर से 20 किलो गांजा जब्त, रीवा-शहडोल के तीन तस्कर गिरफ्तार




जबलपुर। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खितौला थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी कर एक ईंधन टैंकर से 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि शहडोल मार्ग से एक संदिग्ध टैंकर जबलपुर की ओर आ रहा है। इसी सूचना के आधार पर पान उमरिया रोड स्थित बिजली ऑफिस के सामने घेराबंदी कर नीले रंग के डीजल-पेट्रोल टैंकर को रोका गया। तलाशी के दौरान टैंकर के केबिन में बैठे व्यक्तियों के पास से गांजे के पैकेट बरामद किए गए।
🚨 रीवा और शहडोल के तीन तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने टैंकर चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ग्राम रौसरा जिला रीवा निवासी 39 वर्षीय देवराज यादव, जयसिंह नगर जिला शहडोल निवासी 34 वर्षीय महेंद्र कुमार पटेल और रघुनाथपुर जिला सतना निवासी 34 वर्षीय बिनोद कुमार शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाहरी क्षेत्र से गांजे की खेप लाकर जबलपुर में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 700 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।
💰 10 लाख का गांजा और टैंकर जब्त

पुलिस के अनुसार बरामद 20 किलोग्राम गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान टैंकर क्रमांक MP 18 H 5408 को भी जब्त कर लिया गया है।

महेंद्र पटेल के पास से बोरी में 13 पैकेट और बिनोद कुमार के बैग से 7 पैकेट गांजा बरामद हुआ है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
👮‍♂️ इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, एएसपी जितेंद्र सिंह, एएसपी सूर्यकांत शर्मा, सीएसपी आदित्य सिंघारिया और डीएसपी उदयभान बागरी के निर्देशन में की गई।

वहीं थाना प्रभारी रमन सिंह और क्राइम ब्रांच प्रभारी शैलेष मिश्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक राम बरण मिश्रा, आरक्षक जितेंद्र बागरी, परमजीत यादव, एएसआई नरेश पासी, प्रधान आरक्षक राजेश पाण्डे, अखिलेश पाण्डे और आरक्षक शिवसिंह ने अहम भूमिका निभाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post