जबलपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिहोरा पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाबा के पीछे संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर सात जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से ताश के पत्तों के साथ 35 हजार रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनसकरा बायपास स्थित अवधेश गुप्ता के ढाबा के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही जुआरियों में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस ने मौके से सभी सात आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार जुआरियों की पहचान रवि प्रकाश सरावगी, विनोद गुप्ता, श्यामनारायण गुप्ता, विष्णुप्रसाद साहू, धीरेन्द्र सिंह, प्रदीप दुबे और राजकुमार साहू के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 35 हजार रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिहोरा में धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को, उप निरीक्षक बिनोद कुमार बागरी, प्रधान आरक्षक गणेश्वर सिंह एवं आरक्षक संदीप पांडे की सराहनीय भूमिका रही।
.jpg)