लिफ्ट के बहाने रोका, आंखों में मिर्ची झोंककर चाकू-गोली से हमला… जमीन विवाद में युवक की हत्या की कोशिश!



जबलपुर। शहर में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आगासौद से घर लौट रहे एक युवक पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया गया। घटना बेनीखेड़ा पेट्रोल पंप के आगे रोशनी वेयरहाउस के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एक महिला ने लिफ्ट लेने के बहाने युवक को रोका। जैसे ही युवक रुका, पहले से घात लगाए बैठे 6 से 8 बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और उसे नीचे गिराकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने हत्या की नीयत से युवक पर पिस्तौल से गोली भी चला दी।

हमले के बाद आरोपी युवक को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को खून से लथपथ हालत में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
 परिजनों का आरोप: पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही

घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस प्रारंभिक कार्रवाई के बजाय थाना क्षेत्र को लेकर घंटों उलझी रही, जिससे आरोपी आसानी से फरार हो गए।

परिजनों के अनुसार, युवक के शरीर में गोली फंसी होने के बावजूद उन्हें बिना पुलिस औपचारिकता के सीधे अस्पताल ले जाना पड़ा। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय पर सक्रिय होती, तो आरोपियों को पकड़ा जा सकता था।
 क्या है पूरा मामला

घायल ठाकुर दास पटेल (45 वर्ष) निवासी ग्राम सूखा नुनसर ने बताया कि वह आगासौद से अपने घर लौट रहा था। तभी बेनीखेड़ा पेट्रोल पंप के आगे एक महिला ने हाथ देकर बाइक रुकवाई।

जैसे ही उसने बाइक रोकी, बदमाशों ने मिर्ची पाउडर फेंककर उसे गिरा दिया और चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने गोली चलाई और मौके से भाग निकले।
 22 लाख का जमीन विवाद बना हमले की वजह

घायल के अनुसार, उसने कुछ समय पहले एक जमीन का सौदा किया था, जिसके लिए वह करीब 22 लाख रुपये दे चुका है। लेकिन रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री की और न ही पैसे लौटाए।

इसी विवाद के चलते आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
 इन लोगों पर लगा आरोप

घायल ने जिन लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है, उनमें—
ठाकुर प्रसाद, दीपक काछी, गोपाल, वंदना सिंह, ब्रजलाल पटेल, अर्जुन, सिद्धार्थ दुबे सहित 3 अन्य नकाबपोश शामिल हैं।
 पुलिस जांच शुरू

मामले की शिकायत के बाद परिजन पाटन थाना क्षेत्र की नुनसर चौकी पहुंचे हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post