दिनदहाड़े मिस्त्री पर जानलेवा हमला, आधे घंटे तक सड़कों पर तांडव… मऊगंज की कानून व्यवस्था पर उठे सवाल



मऊगंज। जिले में कानून-व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सीएम राइज स्कूल के सामने दिनदहाड़े एक मिस्त्री पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस घटना ने यह गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या मऊगंज अब आम नागरिकों के लिए सुरक्षित नहीं रहा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतलाल साकेत नामक मिस्त्री काम खत्म कर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में कुछ मनबढ़ युवकों ने उसे घेर लिया और फिल्मी अंदाज में हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर ‘गुप्ता परिवार’ से जुड़े बताए जा रहे हैं। हमले के दौरान संतलाल को बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी आंखों से खून बहने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर करीब आधे घंटे तक सड़क पर उत्पात मचाते रहे। इस दौरान न तो कोई उन्हें रोकने आगे आया और न ही पुलिस समय पर मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि इस दौरान अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घटनास्थल थाना क्षेत्र से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है, बावजूद इसके पुलिस को मौके पर पहुंचने में काफी देर हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस की प्रतिक्रिया बेहद धीमी रही।

घटना के बाद पुलिस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घायल संतलाल को डायल 112 के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों से तत्काल पूछताछ या आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post