स्कूल बसों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 40 बसों की जांच में सामने आई गंभीर खामियां




जबलपुर। संस्कारधानी में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने गुरुवार सुबह सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्कूलों की करीब 40 बसों की जांच की। यह कार्रवाई आरटीओ रिंकू शर्मा और संभागीय परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी राजेन्द्र साहू की मौजूदगी में की गई।

सुबह करीब 7 बजे से शुरू हुए इस विशेष जांच अभियान में एमएम इंटरनेशनल स्कूल, लिटिल वर्ल्ड, ज्ञानगंगा कॉलेज (तिलवारा), ब्रिटिश फोर्ट स्कूल और गढ़ा संजीवनी नगर स्थित रायल स्कूल की बसों को बारी-बारी से चेक किया गया।

जांच के दौरान कई बसों में गंभीर लापरवाही सामने आई। कुछ बसों में फर्स्ट एड (चिकित्सा) किट नहीं मिली, तो कई में खिड़कियों पर सुरक्षा ग्रिल गायब थी। वहीं कुछ बसों में फायर सेफ्टी सिस्टम भी एक्टिव नहीं पाया गया, जो बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से बड़ा खतरा माना जा रहा है।

सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब कुछ स्कूल बसों के इमरजेंसी गेट को बंद कर वहां सीट फिट कर दी गई थी। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए संबंधित बसों को मौके पर ही खड़ा कराकर अतिरिक्त सीट हटवाई गई और इमरजेंसी गेट को तत्काल चालू करवाया गया।

आरटीओ रिंकू शर्मा ने बताया कि जांच में जिन बसों में मामूली खामियां थीं, उन्हें सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। वहीं जिन बसों में गंभीर लापरवाही मिली, खासकर इमरजेंसी गेट पर सीट लगाई गई थी, उन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सुधार करवाया गया।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post