बरगी क्रूज हादसे पर सियासत गरम: विवेक तन्खा ने उठाए सुरक्षा पर सवाल, 5 वर्षीय मासूम अब भी लापता



जबलपुर। बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा ने जबलपुर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान विवेक तन्खा ने बरगी बांध की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने साफ कहा कि, “यहां जीरो सुरक्षा है, जबकि एडवेंचर एक्टिविटी के लिए स्पष्ट नियम और सुरक्षा प्रोटोकॉल होना चाहिए।” उनके इस बयान के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर बहस और तेज हो गई है।

हादसे के बाद हालात अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके हैं। कोतवाली क्षेत्र का एक 5 वर्षीय मासूम अब भी लापता है, जिसकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रशासन की टीमें दिन-रात खोजबीन में जुटी हैं, लेकिन अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

इस घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। सभी ने हादसे की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बरगी हादसे ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों के नाम पर सुरक्षा मानकों से समझौता कितना भारी पड़ सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post