जबलपुर। शहर के पनागर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब कथा से लौट रहे एक व्यक्ति और उसके परिजनों पर चार युवकों ने हमला कर दिया। शराब के लिए पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार देवरी खुर्द राम वार्ड पनागर निवासी 47 वर्षीय सोनूलाल बर्मन, जो पेशे से ड्राइवर हैं, अपनी बेटी नंदनी और भतीजे कबीर के साथ जिलहरी घाट पर आयोजित कथा में शामिल होने गए थे। कथा समाप्त होने के बाद शाम करीब 4 बजे जब वे लौट रहे थे, तभी रास्ते में चार युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने शराब के लिए पैसे मांगे, लेकिन सोनूलाल ने पैसे देने से इनकार कर दिया और उनका नाम पूछ लिया। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद एक आरोपी ने सोनूलाल के चेहरे पर लोहे का कड़ा मार दिया, जिससे उनके मुंह से खून बहने लगा।
मामला यहीं नहीं रुका—विवाद बढ़ने पर आरोपी तनिष्क ने कबीर की दाहिनी जांघ में चाकू मार दिया। हमले में कबीर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ितों ने शोर मचाकर मदद मांगी तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों की पहचान हर्षू सिंह, तनिष्क, सुमित और सोनू के रूप में की है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 119(1), 118(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
