जबलपुर। रविवार सुबह बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने एक बार फिर दिल दहला दिया। चार दिन से जारी सर्च ऑपरेशन के बीच रेस्क्यू टीम को आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) के कर्मचारी कामराज और उसके साले के बेटे का शव बरामद हुआ। दोनों 30 अप्रैल की शाम हुए हादसे के बाद से लापता थे।
इस ताज़ा बरामदगी के बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल गहरा गया है।
मासूमों और महिलाओं पर टूटा कहर
इस भीषण हादसे में अब तक 4 मासूम बच्चों और 8 महिलाओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में ओएफके कर्मी कामराज आर, उनकी पत्नी और एक बेटे की भी जान चली गई। इसके अलावा तमिलनाडु के त्रिची से घूमने आए दो रिश्तेदारों की भी इस हादसे में दुखद मृत्यु हो गई।
शनिवार को भी मिले थे दो मासूमों के शव
गौरतलब है कि शनिवार शाम करीब 6 बजे रेस्क्यू टीम ने दो अन्य बच्चों के शव भी बरामद किए थे, जिनकी पहचान श्रीतमिल (5) और विराज (5) के रूप में हुई थी। इन मासूमों की मौत ने पूरे घटनाक्रम को और भी पीड़ादायक बना दिया है।
लगातार जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद से ही एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। हर गुजरते दिन के साथ उम्मीदें कम होती जा रही हैं, लेकिन लापता लोगों की तलाश अब भी जारी है।
