टोल टैक्स को लेकर खूनी बवाल! दमोह टोल नाके पर बदमाशों का हमला, कर्मचारियों को पीटा, मशीनें तोड़ीं, 15 हजार लूटने का आरोप

 


दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में टोल टैक्स को लेकर ऐसा बवाल मचा कि देर रात टोल नाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। नाका टोल बैरियर पर पहुंचे कुछ बदमाशों ने पहले टोल शुल्क को लेकर कर्मचारियों से विवाद किया, फिर देखते ही देखते मारपीट, तोड़फोड़ और हंगामे पर उतर आए। आरोप है कि बदमाशों ने कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा, लाखों रुपए की मशीनों और कंप्यूटरों में तोड़फोड़ की और मौके से नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

घटना मंगलवार 19 मई की देर रात दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर कोरासा गांव के आगे संचालित टोल नाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सागर जिले के गढ़ाकोटा निवासी मुकेश यादव अपने साथियों के साथ कार से टोल प्लाजा पहुंचा था। यहां टोल शुल्क देने को लेकर कर्मचारियों से कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सवार 6 से अधिक लोगों ने अचानक टोल कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने टोल बूथ में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। कंप्यूटर, मशीनें और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

हमले में दो कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल कर्मचारी धीरेंद्र सिंह तोमर ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने मारपीट के साथ टोल पर रखे करीब 15 हजार रुपए भी लूट लिए। उन्होंने बताया कि घटना के समय वहां 10 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे, जिन्होंने पूरी वारदात अपनी आंखों से देखी।

घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई अमित गौतम और सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज में आरोपी तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि लूट की घटना स्पष्ट रूप से नजर नहीं आई है, लेकिन सभी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।

फिलहाल पूरे मामले ने हाईवे सुरक्षा और टोल नाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात खुलेआम हुई इस गुंडागर्दी से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post