जबलपुर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कई थाना-चौकी प्रभारियों के तबादले



जबलपुर। शहर की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। सम्पत उपाध्याय द्वारा जारी तबादला आदेश के बाद कई थाना और चौकी प्रभारियों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं। इस बदलाव के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जारी आदेश के अनुसार सिविल लाइन थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल को सिविल लाइन थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त थानों में गिने जाने वाले सिविल लाइन थाने में यह बदलाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके अलावा निरीक्षक अनिल पटेल को विजय नगर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं विभाग ने महिला नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए महिला टीआई सरोजिनी को चरगवां थाना की कमान सौंपी है। पुलिस विभाग इसे महिला अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहा है।

फेरबदल के तहत चरगवां थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी को बरगी नगर चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं बरगी नगर चौकी में पदस्थ सरिता पटेल को उखरी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक बदलाव से थाना स्तर की कार्यप्रणाली में कसावट आएगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता से बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post