जबलपुर। जिले के प्रशासनिक कामकाज को अधिक सुचारू, प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से राघवेन्द्र सिंह ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासकीय कार्यों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में पदस्थ चार राजस्व अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं। इस बदलाव के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जारी आदेश के अनुसार, सुमित गुप्ता के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें तहसीलदार शहपुरा के स्थान पर अब कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, तहसील शहपुरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ प्रभारी तहसीलदार सुरेश कुमार सोनी को अतिरिक्त तहसीलदार के रूप में तहसील शहपुरा (वृत्त चरगवां) में पदस्थ किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल की इस श्रृंखला में राजीव मिश्रा को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। अब तक सहायक सत्कार अधिकारी, सहायक नोडल ब्रिस्क तथा संस्थागत वित्त एवं जेएटीसीसी का कार्यभार संभाल रहे राजीव मिश्रा को स्थानांतरित कर तहसीलदार शहपुरा के मुख्य पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा तहसील शहपुरा (वृत्त चरगवां) में पदस्थ नायब तहसीलदार राघवेन्द्र कुमार पटेल को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें वर्तमान पद से हटाकर जिला कलेक्टर कार्यालय की सत्कार शाखा में अटैच किया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से राजस्व और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
