“आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो नहीं होगा अंतिम संस्कार”
सिवनी में एक बार फिर पुरानी रंजिश खूनी अंजाम तक पहुंच गई। सिवनी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अकबर वार्ड में देर रात 19 वर्षीय युवक अनुराग डेहरिया की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं गुस्साए परिजन आज एसपी कार्यालय पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर नाराजगी जताई।
जानकारी के मुताबिक अकबर वार्ड निवासी अनुराग डेहरिया का कुछ युवकों से पुराना विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से तनातनी थी और आरोपी बदला लेने की फिराक में घूम रहे थे।
बीती रात अनुराग अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। बात बढ़ी तो आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और अनुराग के गले पर हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि अत्यधिक खून बहने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश पुलिस की कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
इधर बेटे की हत्या से गुस्साए परिजन आज दोपहर एसपी कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक आरोपियों और उन्हें संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अनुराग का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि हत्या में शामिल कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी ने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
