मंडला। मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिचोली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने ही अपने पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि शराब और पैसों को लेकर हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि गुस्से में बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पूसाम सैयाम के रूप में हुई है। देर रात घर में पूसाम सैयाम और उनके 23 वर्षीय बेटे अज्जू सैयाम के बीच शराब और पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी बेटे ने लाठी उठाकर पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी आरोपी को लगा कि पिता केवल घायल हैं, इसलिए वह उन्हें कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गया।
सुबह जब परिवार के दूसरे बेटे ने पिता को आवाज दी और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने अपने भाई राजेंद्र सैयाम को जानकारी दी। कमरे का दरवाजा खोलने पर पूसाम सैयाम मृत अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे अज्जू सैयाम को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसों और शराब को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
