जबलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 290 वारंटी गिरफ्तार, देर रात तक चली कांबिंग गश्त



जबलपुर में पुलिस ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए बड़ा अभियान चलाते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 290 वारंटियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस की यह कार्रवाई शहरभर में चलाए गए विशेष कांबिंग गश्त अभियान के दौरान की गई, जिसमें कई आरोपी अपने ही घरों में छिपे मिले। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर दबिश देते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार शहर में अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में लंबित वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम को लेकर व्यापक स्तर पर कांबिंग गश्त चलाई गई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने देर रात तक कार्रवाई करते हुए कई वर्षों से फरार चल रहे 134 गैर म्यादी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 66 गिरफ्तारी वारंट भी तामील किए गए, जबकि 90 जमानती वारंटों की भी तामीली की गई। अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे, जिन्हें अब गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि यह कार्रवाई लगातार चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से कानून से बच रहे अपराधियों को पकड़ना आवश्यक था और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की। देर रात सड़कों पर आने-जाने वालों से पूछताछ की गई, वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post