मंडला फोर्ट से जबलपुर और छिंदवाड़ा के लिए सीधी रेल सेवा शुरू, यात्रियों को बड़ी राहत



मंडला। मंडला फोर्ट से जबलपुर और छिंदवाड़ा के लिए सीधी रेल सेवाओं की शुरुआत हो गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मौजूदा पैसेंजर ट्रेनों का विलय कर नई एकीकृत रेल सेवाएं शुरू की हैं। इससे अब यात्रियों को बीच रास्ते में ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी और सफर अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।

मंडला फोर्ट स्टेशन पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के डीआरएम दीपक गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने ट्रेन के गार्ड और ड्राइवर को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं भी दीं।

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मंडला फोर्ट से जबलपुर और छिंदवाड़ा के लिए अब सीधी और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो गई है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस मार्ग पर लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया जाएगा।

डीआरएम दीपक गुप्ता ने बताया कि मंडला-नैनपुर-जबलपुर और मंडला-नैनपुर-छिंदवाड़ा के बीच चल रही कुल छह ट्रेनों को मिलाकर तीन नई एकीकृत सेवाएं नई समय सारणी के साथ शुरू की गई हैं। रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा पहले से अधिक सुगम होगी।

नई समय सारणी इस प्रकार है

जबलपुर–मंडला फोर्ट पैसेंजर (ट्रेन क्रमांक 51703)

जबलपुर से शाम 6:55 बजे प्रस्थान करेगी। नैनपुर में रात 11:00 बजे पहुंचेगी और 11:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन रात 12:30 बजे मंडला फोर्ट पहुंचेगी।

मंडला फोर्ट–जबलपुर पैसेंजर (ट्रेन क्रमांक 51704)

मंडला फोर्ट से सुबह 5:10 बजे रवाना होगी। नैनपुर में 6:10 बजे पहुंचकर 6:40 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 10:05 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

जबलपुर–मंडला फोर्ट पैसेंजर (ट्रेन क्रमांक 51705)

जबलपुर से सुबह 9:55 बजे प्रस्थान करेगी। नैनपुर में दोपहर 1:50 बजे पहुंचेगी और 2:00 बजे रवाना होकर शाम 3:00 बजे मंडला फोर्ट पहुंचेगी।

मंडला फोर्ट–जबलपुर पैसेंजर (ट्रेन क्रमांक 51706)

मंडला फोर्ट से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी। नैनपुर में 4:30 बजे पहुंचेगी और 5:40 बजे प्रस्थान कर रात 9:25 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

छिंदवाड़ा–मंडला फोर्ट पैसेंजर (ट्रेन क्रमांक 58823)

छिंदवाड़ा से सुबह 7:15 बजे रवाना होगी। सिवनी में 8:45 बजे पहुंचकर 8:50 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद नैनपुर में 11:05 बजे पहुंचकर 11:15 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:15 बजे मंडला फोर्ट पहुंचेगी।

मंडला फोर्ट–छिंदवाड़ा पैसेंजर (ट्रेन क्रमांक 58824)

मंडला फोर्ट से दोपहर 3:00 बजे रवाना होगी। नैनपुर में 5:10 बजे पहुंचकर 5:20 बजे प्रस्थान करेगी। सिवनी में 6:39 बजे पहुंचकर 6:41 बजे रवाना होगी और रात 9:00 बजे छिंदवाड़ा पहुंचेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post