एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित, रोहित तिवारी समेत 6 लोगों पर धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज करने की मांग
जबलपुर। शहर के रिछाई स्थित अंजनी बस्ती निवासी राजेश कुमार विश्वकर्मा ने करोड़ों रुपये की कृषि भूमि हड़पने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। मंगलवार 19 मई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे एसपी कार्यालय पहुंचे राजेश कुमार विश्वकर्मा ने आवेदन सौंपते हुए रोहित तिवारी समेत 6 लोगों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विवादित कृषि भूमि की कुल कीमत 3 करोड़ 76 लाख 53 हजार 479 रुपये 99 पैसे बताई गई है। आरोप है कि सुनियोजित तरीके से दस्तावेजों और भरोसे का दुरुपयोग कर संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की गई।
राजेश कुमार विश्वकर्मा ने अपने आवेदन में कहा है कि पूरे मामले में कई लोगों की भूमिका संदिग्ध है और जांच होने पर बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा सामने आ सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ दांडात्मक कार्रवाई की जाए।
एसपी कार्यालय में दिए गए आवेदन के बाद अब पुलिस मामले की प्रारंभिक जांच में जुट सकती है। वहीं करोड़ों की जमीन से जुड़ा मामला सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
