जबलपुर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के कीमती मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को जीआरपी जबलपुर ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 67 हजार रुपए कीमत के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
जीआरपी थाना जबलपुर प्रभारी संजीवनी राजपूत के अनुसार 10 मई की रात प्लेटफॉर्म पर नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस टीम प्लेटफॉर्म नंबर-1 ए पर खड़ी ट्रेन क्रमांक 51703 जबलपुर-मंडला फोर्ट पैसेंजर के जनरल कोच में पहुंची। ट्रेन के इंजन के पीछे लगे डिब्बे का गेट खुला हुआ था। जब पुलिस टीम ने कोच के अंदर जांच की तो विकलांग केबिन में दो युवक बैठे मिले, जबकि वहां कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था।
पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबरा गए। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम राकेश कोरी उर्फ अक्कू निवासी सिंधी कैंप हनुमानताल तथा पंकज मकेश्वर निवासी सिंधी कैंप हनुमानताल बताए। दोनों से स्टेशन पर आने और ट्रेन में बैठने के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
संदेह होने पर पुलिस ने तलाशी ली तो दोनों के पास से चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। राकेश कोरी के पास से रेडमी कंपनी का पर्पल कलर मोबाइल और ओप्पो कंपनी का पीले रंग का मोबाइल बरामद हुआ, जिनकी कुल कीमत करीब 47 हजार रुपए बताई गई। वहीं पंकज मकेश्वर के पास से ओप्पो और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन मिले, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपए है।
जीआरपी ने चारों मोबाइल जब्त कर आरोपियों के खिलाफ थाना जीआरपी जबलपुर में अपराध क्रमांक 268/26 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान आईसीजेएस रिकॉर्ड में दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
