ग्वालियर। एसपी ऑफिस में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती हाथ में चाकू लेकर वहां जा पहुंची। युवती ने सबके सामने खुद को चाकू मारने की कोशिश की। यह पूरा हंगामा एक शादी रुकवाने की मांग को लेकर था। युवती का आरोप है कि जिस युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, वह अब दूसरी शादी कर रहा है। वह उससे शादी करना चाहती है। इसलिए उसकी शादी को रुकवाया जाए।
अचानक हाथ में चाकू निकाला और अपनी जान देने की कोशिश
ग्वालियर पुलिस महकमे के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले एसपी ऑफिस में आज एक युवती ने मौत का लाइव ड्रामा कर दिया। शिवपुरी की रहने वाली इस युवती ने अचानक हाथ में चाकू निकाला और अपनी जान देने की कोशिश करने लगी। गनीमत रही कि वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाई और बमुश्किल युवती के हाथ से चाकू छीनकर उसे काबू में किया।मामला प्रेम प्रसंग, धोखे और कानूनी लड़ाई का है। युवती का आरोप है कि दतिया निवासी कुलभूषण राहुल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
मामला कोर्ट में विचाराधीन
युवती ने बीते 4 अप्रैल को झांसी रोड थाने में दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी का मामला भी दर्ज कराया था, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। युवती को जानकारी मिली कि आरोपी कुलभूषण राहुल अब कहीं और शादी कर रहा है। बस इसी बात से नाराज होकर वह चाकू लेकर एसपी ऑफिस पहुंच गई और पुलिस से मांग करने लगी कि उसकी शादी रुकवाई जाए और आरोपी को पकड़कर लाया जाए।
शारीरिक शोषण और जान से मारने की शिकायत
बता दें कि दोनों की कहानी भी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। कुछ साल पहले ग्वालियर में युवती को देखने के लिए कुछ लड़के वाले आए थे, उन्हीं के साथ कुलभूषण राहुल भी दोस्त बनकर आया था। युवती को लड़का तो पसंद नहीं आया, लेकिन उसकी दोस्ती साथ आए कुलभूषण से हो गई। फोन पर शुरू हुई ये बातें मुलाकात और प्यार में बदल गयी। जब लड़के ने कहा कि वह सब इंस्पेक्टर की तैयारी करना चाहता है, तो कुछ समय बाद ही शादी करेगा, लेकिन जब युवती को मालूम हुआ कि कुलभूषण की सगाई दूसरी लड़की से तय हो गयी है, तो उसने अपने साथ हुए शारीरिक शोषण और जान से मारने की धमकी की शिकायत पुलिस से की थी। फिलहाल पुलिस ने युवती की काउंसलिंग की और उसे शांत कराया।
